हाथी सबका साथी
May 14, 2007
बहुजन समाज से सर्वजन समाज तक
रविभूषण
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम उन लोगों को मालूम थे, जिन्होंने प्रदेश के मतदाताओं को नजदीक से देखा था. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के अतिथि गृह में गत 10 मई को रविशंकर विश्वविद्यालय, रायपुर के मनोविज्ञान के प्रोफेसर डॉ वंशगोपाल सिंह दो-तीन बार यह कह चुके थे कि मायावती को बहुमत प्राप्त होगा. वे गोरखपुर के इलाके से लौटे थे और बसपा को बहुमत मिलने के प्रति आश्वस्त थे. एक्जिट पोल के अनुमान गलत सिद्ध हुए और चुनाव विश्लेषकों तक को इस अदभुत परिणाम का अनुमान नहीं था. पंडितों ने शंख बजाये और हाथी आगे बढ़ता गया. अब मायावती आंबेडकर व कांशीराम के बाद देश में दलितों की सर्वमान्य नेता हैं. 14 अप्रैल, 1984 को कांशीराम ने जब बहुजन समाज पार्टी बनायी थी, मायावती एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में उपस्थित हुई थीं. समय के अनुसार उन्होंने अपने विचार बदले और राजनीतिक रूप से निरंतर परिपक्व होती गयीं. 1989 तक उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का शासन था. ब्राह्मण, मुसलिम और कमजोर वर्ग उसके साथ थे. 1989 के बाद बदले राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस की हालत निरंतर पतली होती गयी. बसपा पहले आक्रामक थी. मायावती ब्राह्मणों और मनुवादियों को कोसती और फटकारती थीं, पर राजनीतिक अनुभवों ने उनकी आक्रामकता कम की और अब वे परिपक्व राजनीतिज्ञ के रूप में राजनीतिक रंगमंच पर उपस्थित हैं. पहले उनका नारा था `तिलक, तराजू और तलवार, इनको मारो जूते चार.’ यह नारा बदल गया और हाथी को गणेश रूप में प्रस्तुत किया गया- `हाथी नहीं गणेश है, ब्रह्मा, विष्णु, महेश है.’ राज्य के 15वें विधानसभा चुनाव में मायावती ने 139 सवर्णों को बसपा का प्रत्याशी बनाया था. इनमें 86 ब्राह्मण थे. इन 86 स्थानों पर बसपा के 70 ब्राह्मण प्रत्याशी विजयी हुए हैं. ब्राह्मण और दलित कांग्रेस के पुराने वोट बैंक रहे हैं. कांग्रेस से ये दूर होते गये और उत्तर प्रदेश के इस बार के विधानसभा चुनाव में `एमबीडी फैक्टर’-मुसलिम, ब्राह्मण औप दलित महत्वपूर्ण रहा. प्रदेश में दलित 21 प्रतिशत, ब्राहम्ण 9 प्रतिशत, राजपूत 8 प्रतिशत, जाटव 13 प्रतिशत, यादव 9 प्रतिशत, वैश्य, कुर्मी, लोध, गरड़िया, कहार और केवट 2-2 प्रतिशत तथा मुसलिम 16 प्रतिशत हैं. मायावती ने ब्राह्मण- दलित पुल बनाया और बहुजन समाज से सर्वजन समाज तक की यात्रा की. उत्तर प्रदेश की सामान्य जनता ही नहीं, भारत की सामान्य जनता भी गंठजोड़ की छीना-झपटीवाली राजनीति से परेशान हो चुकी है. उत्तर प्रदेश के चुनावी परिणाम आगामी दिनों में पूरे देश में असरदायक हो सकते हैं. राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं और उसके साथ देश का राजनीतिक परिदृश्य भी बदल सकता है. उत्तर प्रदेश के चुनावी परिणाम देश की राजनीति के लिए अधिक महत्वपूर्ण होंगे. उत्तर प्रदेश में लगभग 16 वर्ष बाद किसी एक राजनीतिक दल की सरकार बन रही है. आजादी के बाद अब तक वहां किसी मुख्यमंत्री ने पांच वर्ष का अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया है. मायावती पहली बार 5 महीने, दूसरी बार 7 महीने और तीसरी बार 16 महीने मुख्यमंत्री रही हैं. 1993 के बाद राज्य में पहली बार बहुमत की सरकार बन रही है. इसे मतदाताओं की राजनीतिक परिपक्वता के रूप में देखा जाना चाहिए. अमर सिंह, अमिताभ बच्चन और सुंदर अभिनेत्रियों से सामान्य जनता को कोई मतलब नहीं है. उसे कैबरे डांस देखने की इच्छा नहीं है. भाजपा की `इंडिया शाइनिंग’ और `फील गुड’ की तरह के तारे फिर धूल में मिल गये. बीसवीं सदी का महानायक सब की दृष्टि में झूठा था, क्योंकि उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश नहीं था और यूपी में जुर्म कम नहीं था. बिग बी के नारे हवा हो गये और चुनाव में होनेवाले भोंडे प्रदर्शन कामयाब नहीं हो सके. मतदाताओं ने उत्तर प्रदेश को खंडित नहीं, स्पष्ट जनादेश दिया. वर्षों पहले हिंदी की एक फिल्म हिट हुई थी- `हाथी मेरे साथी.’ अब हाथी सबका साथी है. मायावती ने विभेद और विभाजन की राजनीति छोड़ कर समन्वय तथा सहयोग की राजनीति को महत्व दिया. पहले से चले आते हुए जातीय राजनीतिक समीकरण नष्ट हुए और एक नया राजनीतिक-सामाजिक समीकरण बना. उत्तर प्रदेश के चुनाव ने मंडल-कमंडल की राजनीति को किनारे कर दिया है. 1990-91 से अब तक जाति और धर्म की राजनीति ने जो सामाजिक क्षति पहुंचायी है, वह सबके सामने है. क्या इस चुनाव परिणाम से राष्ट्रीय स्तर पर एक नया राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना नहीं है? कॉरपोरेट राजनीतिक संस्कृति पर भी पुनर्विचार की आवश्यकता है. भाजपा इसी में फिसली, गिरी और पराजित हुई. सपा को भी अमर सिंह ने इसी कॉरपोरेट संस्कृति से क्षतिग्रस्त किया. बसपा ने इस चुनाव में किसी का दामन नहीं पकड़ा. उसने 402 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किये थे और उसके 206 प्रत्याशी विजयी हुए. बसपा के इस राजनीतिक आत्मविश्वास को समझने की जरूरत है, क्योंकि प्राय: सभी राजनीतिक दल अपना आत्मविश्वास खो चुके हैं. बीते 18 वर्ष में उत्तर प्रदेश में बसपा के विधायकों की संख्या में लगभग 16 गुना वृद्धि हुई है. पिछले चुनाव की तुलना में उसका वोट लगभग सात प्रतिशत बढ़ा है. 1989 से अब तक के पांच विधानसभा चुनावों में उसके जनाधार में वृद्धि होती गयी है. 1993 का मध्यावधि चुनाव बसपा ने सपा के साथ मिल कर लड़ा था. 1996 में वह कांग्रेस के साथ चुनाव में उतरी थी. इस बार वह अकेले लड़ी और विजयी हुई. मतदाताओं ने छोटे दलों और निर्दलीयों में रुचि नहीं ली. इस बार निर्दलीयों की संख्या बहुत घटी है. इस चुनाव में सपा, भाजपा और कांग्रेस का अपना अलग-अलग गंठबंधन था-छोटा ही सही. सपा के साथ माकपा, लोकतांत्रिक कांग्रेस और कुछ निर्दलीय थे. भाजपा के साथ जदयू और अपना दल था. कांग्रेस के साथ समाजवादी क्रांति दल, भारतीय किसान दल और राजद था. तीनों गंठजोड़ों का हश्र सामने है. बसपा केवल विधानसभा चुनाव में ही नहीं, प्रदेश की तीन संसदीय सीटों पर भी विजयी हुई है. चुनाव में मीडिया का खेल-तमाशा अधिक नहीं चला. मंच पर डांस का कोई फायदा नहीं हुआ. धन बल की भी अधिक भूमिका नहीं रही. परिवार का जयगान और राहुल गांधी का रोड शो भी प्रभावशाली नहीं बन सका. जयललिता ने 23 अप्रैल, 2007 को इलाहाबाद की एक चुनाव सभा में मुलायम सिंह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा था-`एक है मुलायम इस वतन में, एक है चंदा जैसे गगन में.’ यह सब धरा का धरा रह गया और अब मुलायम सिंह अपनी हार का सारा दोष चुनाव आयोग को दे रहे हैं. उत्तर प्रदेश में गुंडाराज था और मुलायम सिंह ने बिहार में लालू प्रसाद की हार से कुछ भी नहीं सीखा. मुलायम सिंह द्वारा त्याग पत्र दिये जाने के बाद उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य और नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां के कार्यालय में उनके स्टॉफ द्वारा सरकारी फाइलों को जलाने की घटना को उत्तर प्रदेश के सुशासन के रूप में लिया जाना चाहिए या कुशासन के रूप में? मुलायम सिंह का कन्या विद्या धन और बेरोजगारी भत्ता भी कुछ नहीं कर सका. कांग्रेस, भाजपा और सपा को आत्ममंथन करना चाहिए. केशरीनाथ त्रिपाठी, रामनरेश यादव, जगदंबिका पाल, हरिशंकर तिवारी, बेनी प्रसाद वर्मा और चंद्रशेखर के भतीजे प्रवीण सिंह बब्बू की हार सामान्य नहीं है. हालांकि कुछ बाहुबली फिर जीते हैं. वाम दलों ने बसपा को भाजपा की कोटि में रखा था और इसे बुरी बताया था. उत्तर प्रदेश के चुनावी परिणाम स्पष्ट हैं. जनता खिचड़ी सरकार नहीं चाहती. एकदलीय सरकार में उसकी निष्ठा है. ऐसी सरकार अपनी विफलता के लिए किसी दूसरे राजनीतिक दल को दोषी नहीं ठहरा सकती. गंठबंधन की सरकार पर उत्तर प्रदेश में प्रश्न चिह्र लगा दिया है. ऐसी सरकार विकास कार्य नहीं कर सकती. सहयोगी दलों के तीसरे मोरचे व संयुक्त मोरचे की सरकारें बन- बिगड़ चुकी हैं. क्या अब दलित, आदिवासी और वामपंथी दलों का कोई व्यापक राष्ट्रीय मोरचा बन सकता है? मायावती को इसकी जरूरत नहीं है. बसपा आज राष्ट्रीय परिदृश्य पर विराजमान है और जाहिर है कि वह बहुजन समाज से सर्वजन समाज की ओर बढ़ चुकी है.
Entry Filed under: आओ बहसियाएं. .
1 Comment Add your own
Leave a Comment
You must be logged in to post a comment.
Trackback this post | Subscribe to the comments via RSS Feed
1.
परमजीत बाली | May 14, 2007 at 1:43 pm
रियाज-उल-हक जी बहुत अच्छा व सटीक प्रस्तूतिकरण है। बधाई।